अयोध्या-डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने मवई थाने का वार्षिक निरीक्षण किया
- फोटो : FAIZABAD
मवई। डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने मवई थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के मुख्य गेट का लोकार्पण किया। साथ ही ठंड से बचने के लिए चौकीदारों को कंबल वितरित किए। पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि हर ग्राम पंचायत में असामाजिक तत्वों का चिन्हांकन कर विलेज क्राइम नोटबुक में दर्ज कराया जाए। साथ ही ऐसे लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
प्रत्येक पंचायत में सिपाहियों द्वारा एक रजिस्टर बनाने का निर्देश भी दिया। डीआईजी ने एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह और सीओ डॉ. धर्मेंद्र यादव के साथ थाने की बिल्डिंग, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय, लंबित वाहनों का रखरखाव, थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे, महिला हेल्प डेस्क व कोविड हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अपराध रजिस्टर की जांच की। थाने के टॉप-10 अपराधियों के संदर्भ में जानकारी ली। शस्त्राभ्यास व दंगा नियंत्रण के संबंध में बॉडी प्रोटेक्टर व उपकरणों का डेमो भी कराया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने नवनिर्मित थाने के गेट का लोकार्पण किया व गांवों के चौकीदारों को कंबल बांटे। उन्होंने चौकीदारों को गांव की गतिविधियों पर नजर रखने व सतर्कता बरतने की सलाह दी। इस दौरान थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।