नए साल के जश्न में रामनगरी के मंदिरों में भोर से माथा टेकने से लेकर दिनभर होटलों-रेस्त्रां और पार्कों में भारी भीड़ उमड़ी। हैप्पी न्यू ईयर की बधाई के साथ शहर के तीन पार्कों में मेला लगा। रामनगरी में डीएम समेत परिवार के साथ दर्शन-पूजन करने हजारों की भीड़ उमड़ी।
गुप्तारघाट के कंपनी बाग, चौक के पास गुलाबबाड़ी और अयोध्या के राजघाट पर हजारों लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। भारी भीड़ और पार्किंग की अव्यवस्था से कई जगह जाम में लोग घंटों फंसे रहे। पार्किंग के नाम अवैध वसूली भी होती रही। लोगों ने पुलिस-प्रशासन की तैयारी और लापरवाही को कोसा।
युवाओं में नववर्ष को लेकर गजब का उत्साह दिखा। अर्धरात्रि को 12.00 बजते ही गगनभेदी पटाखों के साथ युवाओं ने नववर्ष का स्वागत किया। होटल और रेस्टोरेंट में गीत-संगीत के साथ जलसे हुए। एक-दूसरे के गले मिल कर नए साल के बेहतर होने की शुभकामनाएं दी गईं।
वर्ष 2016 को विदा करने के साथ ही नए वर्ष के आगमन को लेकर पूरे शहर में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे अपने-अपने ढंग से मनाने के लिए पहले से ही योजनाएं बना रखी थीं। नववर्ष के पहले दिन संडे की छुट्टी से जश्न का माहौल और शबाब पर था।
कोहरे के बीच सड़कों पर फर्राटा भरती युवाओं की बाइकें दिखीं तो पार्कों में बच्चों-महिलाओं के साथ लोगों की खासी भीड़ रही। युवतियां भी किसी से पीछे नहीं रहीं, अपने अंदाज में कोई टोलियां बनाकर निकलीं और पार्कों में सेल्फी लेने की होड़ रही।
रामनगरी में हनुमानगढ़ी, नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ, कनक भवन, रामलला आदि मंदिरों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, कोई सरयू स्नान के बाद मंदिरों में नए साल के लिए प्रार्थनाएं करता नजर आया तो कोई घर से तैयार होकर मंदिरों में पूजा-पाठ व प्रसाद चढ़ाता दिखा। साधु-संतों से आशीर्वाद लेने की होड़ रही।