विवादित ढांचा ढहाए जाने की तिथि छह दिसंबर पर अयोध्या में शांति व सुरक्षा के मद्देनजर मजिस्ट्रेटों ने कमान संभाल ली है। जिले में 36 मजिस्ट्रेटों संग फोर्स की तैनाती की गई है। प्रमुख स्थलों के साथ ही भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की खास नजर रहेगी। शहर के साथ ही देहात क्षेत्र के भदरसा व रुदौली को जोन बनाकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने की तिथि छह दिसंबर पर बाबरी एक्सन कमेटी के यौमेगम और विहिप के विजय दिवस मनाने के एलान के मद्देनजर जिले भर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस दौरान संवेदनशीलता और शांति व सुरक्षा के मद्देनजर अयोध्या, फैजाबाद नगर, भदरसा और रुदौली पर प्रशासन की खास नजर है।
इन क्षेत्रों को जोन बनाकर 36 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। अयोध्या को सात सब सेक्टर राम जन्मभूमि ए व बी, लक्ष्मण घाट, रायगंज, महोबरा, कारसेवकपुरम् फैजाबाद नगर जोन में तीन सेक्टर कोतवाली नगर, थाना कैंट, ग्राम मिर्जापुर सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट लगाए गए है।
इसके अलावा भदरसा और रुदौली को एक-एक सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के लिए सभी सब सेक्टरों में अलग से एक-एक सहायक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा छह सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आरक्षित रखा गया है।
अपर जिलाधिकारी नगर को शहरी क्षेत्र और एडीएम प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्र, सिटी मजिस्ट्रेट को फैजाबाद नगर क्षेत्र और रेजीडेंट मजिस्ट्रेट को अयोध्या के साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों को संबंधित तहसील क्षेत्र में शांति व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।
डीएम के निर्देश के मुताबिक लगाए गए सभी जोनल, सेक्टर और सहायक सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने पांच दिसंबर की देरशाम से शांति व सुरक्षा की कमान संभाल ली है। अपने क्षेत्र में कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। डीएम कार्यालय ने बताया कि लगाए गए मजिस्ट्रेटों ने संवेदनशीलता के मद्देनजर ड्यूटी पर पहुंच गए हैं। बैठक करके जिम्मेदारियों के बारे में पहले ही बताया गया है।