भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपी में परिवर्तन तय है। अयोध्या की धरती से आवाज आ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर उनके पिता मुलायम के बहाने हमला बोला। कहा कि जो सीएम अपने पिता व परिवार को खुश नहीं रख सके, वह जनता को कैसे खुश रखेंगे। वे रविवार को कारसेवकपुरम् में भाजपा युवा मोर्चा के युवा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में 1984 के बाद भाजपा को ही पूर्ण बहुमत मिला है और यह यूपी की बदौलत ही संभव हुआ है। पीएम नरेंद्र मोदी ने एक-एक दिन में तीन-तीन देशों में भारत का नाम रोशन किया है। जनधन में करोड़ों रुपये आए।
हमारा मोदी जी से कहना है कि इन रुपयों की एफडी कराकर गरीबों को दे दी जाए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे नेता आज भ्रष्टाचारियों व काले धन वालों के साथ खड़े हैं। ठाकुर ने कहा कि चाचा-भतीजे की लड़ाई नोटबंदी के बाद से बंद हो गई। बहनजी ने टिकट काटने बंद कर दिए। सपा व बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबी बढ़ाने का काम बुआ और भतीजे ने किया है।
संचार व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि यूपी में सत्ता परिवर्तन नहीं, व्यवस्था परिवर्तन होना है। यह परिवर्तन युवा ही कर सकता है। भ्रष्टाचार शब्द राजनीति के शब्दकोष से मोदी जी ने खत्म कर दिया है।
अखिलेश ने कानून के राज का भरोसा दिया था। नौजवान इसका मूल्यांकन कर सकते हैं। वोट के खोट पर यहां का नौजवान चोट करेगा। उत्तर प्रदेश को उलटा प्रदेश बना दिया है। कांग्रेस की खाट पंचायत की खटिया खड़ी हो गई।
भाजपा में दूसरे दलों से आने की होड़ मची है और सबकी इच्छा टिकट पाने की है, लेकिन चुनाव में टिकट तो भाजपा कार्यकर्ता ही पाएंगे। दोनों नेताओं ने अयोध्या की धरती से यूपी में सत्ता परिवर्तन का शंखनाद किया है।
सम्मेलन को सांसद लल्लू सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत पाठक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवभूषण सिंह, विधायक रामचंद्र यादव ने भी संबोधित किया। अतिथियों को स्मृति चिह्न व गदा भेंट की गई। जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय, क्षेत्र प्रभारी अमित, जिला प्रभारी सुधीर कुमार सिंह भी मौजूद रहे।