माध्यमिक विद्यालयों में मान्यता विहीन स्कूलों पर लगाम लगाने की विभाग की कोशिशों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। बोर्ड परीक्षा के दौरान विभागीय सचल दस्ते को कई परीक्षा केंद्रों पर मिले परीक्षार्थी कहां से परीक्षा देने आए हैं, इसका सही जवाब नहीं दे पाए।
एग्जाम समाप्त होने के बाद डीआईओएस ने उन विद्यालयों को नोटिस जारी किया, जिनके यहां नामांकन हुआ था। लेकिन हाल यह है कि चार माह बीत जाने के बाद भी अभी विभाग को नोटिस का जवाब ही नहीं मिला। वह अभी जवाब मिलने का इंतजार कर रहा है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान डीआईओएस के सचल दस्ते को कई परीक्षा केंद्रों पर ऐसे छात्र मिले, जो यह जवाब देने में असमर्थ रहे कि वे पढ़ते कहां हैं? ज्यादा पूछताछ करने पर भी वह उन स्कूलों का नाम नहीं बता पाए, जहां से एग्जाम देने के लिए परीक्षा केंद्र पर आए थे।
इनमें सबसे ज्यादा मामले फैजाबाद- सुल्तानपुर सीमा व फैजाबाद-बाराबंकी सीमा के आसपास परीक्षा केंद्रों में प्रकाश में आए थे। बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद अप्रैल में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के तकरीबन 44 स्कूलों को इस संबंध में नोटिस जारी किया था।
तीन माह बीत जाने के बाद भी किसी भी इंटर कॉलेज ने अभी तक विभाग को जवाब नहीं दिया। विभाग के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जिले में संबद्धता का खेल खूब फल-फूल रहा है। बच्चे कहीं और पढ़ते हैं, लेकिन उनका नामांकन उन विद्यालयों में कर दिया जाता है जो कि मान्यता प्राप्त रहते हैं। उन्हीं स्कूलों में ऐसे बच्चों के नामांकन को प्रमुखता दी जाती है, जहां छात्र/छात्राओं को उत्तीर्ण करने और अच्छे अंक आने में सहूलियत रहती है।
इन विद्यालयों को जारी हुआ नोटिस
- डायमंड इंटर कॉलेज रामपुर भगन
- सुमित्रा बालिका इंटर कॉलेज हैदरगंज
- अवध किसान इंटर कॉलेज नसरतपुर
- साधना हाईस्कूल चितांवा
- ग्रामर हाईस्कूल लालबाग
- ग्रामोदय इंटर कॉलेज रामपुर सर्धा
- के. दास इंटर कॉलेज गंगौली
- राम सेवक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाराखान
- आरपीबीपी शुक्ल इंटर कॉलेज मिल्कीपुर
- गायत्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुमारगंज
- हंस इंटर कॉलेज महोली
- एसआरजे इंटर कॉलेज अमांवा सूफी
- राजदत्त इंटर कॉलेज तखौली
- महाराजी इंटर कालेज अंधियारी आदि
एक सप्ताह और करेंगे जवाब का इंतजार
परीक्षा समाप्त होने के बाद संदिग्ध मिले विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अभी तक जवाब नहीं आया। एक सप्ताह और इंतजार करेंगे, यदि जवाब नहीं आया तो रिमाइंडर जारी किया जाएगा। - राजेंद्र कुमार पांडेय, डीआईओएस