अयोध्या। विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने को लेकर सोमवार को जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आप सहित दल और निर्दल कुल 22 ने अपने नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर के सामने दाखिल किया।
नामांकन को लेकर कचहरी के बाहर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कचहरी के अंदर से बाहर तक कड़ी सुरक्षा के इंतजाम रहे। नामांकन के छठे दिन पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 22 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
इनमें रुदौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र यादव, एआईएमआईएम से मो. शेख अफगन, सबका दल यूनाईटेड पार्टी से राजकरन ने अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर व एसडीएम स्वप्निल यादव के समक्ष जमा किया।
भाजपा प्रत्याशी राम चंद्र के साथ नामांकन कराने पूर्व सांसद विनय कटियार, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, कृष्ण कुमार पांडेय खून्नू सहित अन्य लोग पहुंचे थे।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बाबा गोरखनाथ, बसपा से मीरा देवी ने रिटर्निंग अफसर व एसडीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य लोग नामांकन कराने पहुंचे थे। सपा से अवधेश प्रसाद ने दोबारा नामांकन जमा किया।
बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अमित सिंह चौहान, कांग्रेस के प्रत्याशी अखिलेश यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से मधु द्विवेदी, अपना दल बलिहारी पार्टी से दिशा पटेल, आम आदमी पार्टी से सुनील कुमार, निर्दल कृष्ण कुमार दूबे ने अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर व एसडीएम अनुराग प्रसाद के सामने दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने महापौर ऋषिकेश उपाध्यय, जिलाध्यक्ष संजीव, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान, डिप्पुल पांडेय आदि पहुंचे थे। कांग्रेस प्रत्याशियों का नामांकन कराने के लिए कार्यवाहक जिलाध्यक्ष शिवपूजन पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, एआईसीसी सदस्य सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह अमरीश पांडे, उमेश उपाध्याय, गौरव तिवारी, राकेश तिवारी आदि पहुंचे थे।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रवि प्रकाश, कांग्रेस से रीता, पीस पार्टी से मो. इस्लाम, लोक जन शक्ति पार्टी से अरुण कुमार, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से रमेश कुमार चैाबे, जन अधिकार पार्टी से राजेश कुमार, मौलिक अधिकार पार्टी से संजय कुमार ने रिटर्निंग अफसर व एसडीएम राम कुमार शुक्ल के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता ने भी नामांकन पत्र दोबारा जमा किया। गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से लोकतांत्रिक किसान मोर्चा से सविता पटेल, आम आदमी पार्टी प्रत्याशी आलोक द्विवेदी ने अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर व एसडीएम बीकापुर संदीप श्रीवास्तव के समक्ष दाखिल किया।
नामांकन की कार्रवाई कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में की जा रही है। नामांकन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी नगर व नगर मजिस्ट्रेट ने नामांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।
आठ फरवरी मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है। डीएम के मुताबिक प्रात: 11 बजे से सभी नामांकन केंद्रों में नामांकन शुरू होगा। अपरान्ह तीन बजे तक यह कार्रवाई चलेगी।