बीकापुर। विकासखंड क्षेत्र के भैरोपुर टिकरा और खजुरहट निवासी तीन युवक मूर्तियों में अपनी कला से जान डाल रहे हैं। मिट्टी की धार्मिक मूर्तियां बनाने में तीनों युवक बंगाल के मिट्टी मूर्ति कलाकारों को भी मात दे रहे हैं। तीनों युवकों द्वारा पिछले एक माह से क्षेत्र के रामनगर, खजुरहट में प्रयागराज हाईवे के किनारे किराए का कमरा लेकर दुर्गा पूजा के लिए दुर्गा प्रतिमाओं को बनाने का कार्य किया जा रहा है।
भैरोपुर टिकरा निवासी युवक राहुल कुमार कोरी और अमन कुमार तथा खजुरहट निवासी विशाल कुमार लगभग एक महीने से दुर्गा माताजी के प्रतिमा को बना रहे हैं। अभी मूर्तियों में रंग-रोगन नहीं हुआ है। सभी मूर्तियां अभी निर्माण के प्रारंभिक दौर में हैं। छोटी-बड़ी हर साइज की दुर्गा जी, सरस्वती और गणेशजी की प्रतिमाओं का निर्माण युवकों द्वारा किया जा रहा है।
युवकों ने बताया कि उन्होंने प्रतिमाएं बनाने का प्रशिक्षण पश्चिम बंगाल कोलकाता के कृष्णा नगर में लिया था। काफी समय तक वहां मूर्तियां बनाकर हुनर सीखा है। पिछले दो वर्ष बीकापुर राम नगर चौराहे के पास मूर्ति बनाने का कार्य कर रहे हैं। राहुल कुमार ने बताया कि कुछ सामग्री कोलकाता से भी लाते हैं। खेतों की मिट्टी भी प्रयोग की जाती है। अभी तक 16 से 18 मूर्ति का निर्माण किया गया है। डिमांड होने पर नवरात्रि तक और मूर्तियों का निर्माण पूरा हो जाएगा।