नगर पालिका परिषद बोर्ड ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2015-16 के प्रस्तावित बजट को सर्वसम्मति से पास कर दिया। पालिका कार्यालय में लगभग तीन घंटे तक चली बैठक में बोर्ड सदस्यों ने 16 करोड़ 24 लाख 16 हजार 395 आय के सापेक्ष 15 करोड़ 97 लाख 15 हजार रुपये व्यय पर ल्रगभग 27 लाख लाभ के बजट को मंजूरी दी।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2015-16 का प्रस्तावित बजट पर चर्चा से शुरू हुई। सदस्यों ने प्रस्तावित बजट में पिछले वर्ष 2014 के बजट के सापेक्ष व्यय मद में कई गुना की बढ़ोतरी पर चर्चा की।
बैठक में पंचवर्षीय कर निर्धारण पर भी चर्चा की गई। बैठक में पालिका के प्रस्तावित बजट वित्तीय वर्ष 2015-16 में पालिका को 16 करोड़ 24 लाख 16 हजार 395 आय और 15 करोड़ 97 लाख 15 हजार रुपये व्यय का अनुमान करते हुए 27 लाख एक हजार 395 रुपये लाभ के बजट को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया।
प्रस्तुत बजट में सर्वाधिक आय का अनुमान शासकीय अनुदान से लगभग 13 करोड़ 62 लाख 17 हजार 895 से किया गया है। इसके अतिरिक्त यात्री कर से लगभग 85 लाख व ठेकों से 60 लाख व स्टैंप से 50 लाख रुपये आय होने की संभावना जताई गई है।
बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष राधेश्याम गुप्त ने की। बैठक में प्रभारी अधिशाषी अधिकारी आरएस शुक्ल, सभासद संजय शुक्ल, अभय श्रीवास्तव, पुजारी रमेश दास, देवेश सिंह, गणेश पांडेय, असद अहमद आदि मौजूद रहे।