प्रतिदिन शाम को पूरी तरह पैक होकर फैजाबाद से दिल्ली जाती (14205/06) एक्सप्रेस ट्रेन को कोहरे के नाम पर करीब एक माह के लिए बंद करने की तैयारी है। ट्रेन को निरस्त करने का निर्णय 17 दिसंबर से प्रभावी हो जाएगा। इस ट्रेन के 15 जनवरी तक बंद रहने से रेलवे को प्रतिदिन करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
इसके साथ ही मऊ से आनंद विहार (दिल्ली) को जाने वाली 15025/26 को भी 18 दिसंबर से बंद किया जा रहा है। फैजाबाद से दिल्ली जाने वाली ट्रेन के बंद होने पर जनरल टिकट लेकर दिल्ली तक सफर करने रहे वाले यात्रियों को झटका लगेगा।
सूत्रों के अनुसार अब तक जाड़े के दिनों में कोहरे के नाम पर फैजाबाद-प्रयाग, फैजाबाद-मुगलसराय और फैजाबाद-लखनऊ की पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया जाता रहा है। पहली बार शायद ऐसा हुआ है, जब फैजाबाद-दिल्ली और ट्रैक की मऊ-आनंद विहार ट्रेनों को 17 दिसंबर से 15 जनवरी तक रद्द करने की तैयारी है।
आरक्षण केंद्र की मशीनों पर भी इन दिनों में ट्रेनों के कैंसिल कर दिये जाने की सूचना है। डीआरएम के इस फैसले से रेलवे को फैजाबाद में प्रतिदिन करीब एक लाख रुपये के राजस्व की क्षति का अनुमान है।
ट्रेनों के बंद होने पर यहां से दिल्ली जाने वालों के लिए ट्रैक पर महज दो ट्रेनें ही रह गयीं हैं। इससे लोगों की मुश्किलें बढेंगी। शनिवार को रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों बस्ती के राम दुलार, दीनानाथ, गोंडा के राम हरख, देवीदीन, फैजाबाद की तारा देवी, मुनिया आदि का कहना था कि फैजाबाद से दिल्ली के बीच चल रही इकलौती ट्रेन बंद हुई तो इस जिले के साथ ही आसपास के जिलों से दिल्ली जाने वालों की दिक्कतें बढ़ जाएंगी।
वहीं आरक्षण केंद्र की मशीनों पर फैजाबाद-दिल्ली तथा मऊ आंनद बिहार ट्रेनों के कैंसिल रहने का डेटा फीड है। मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, फैजाबाद सियाराम ने बताया कि दोनों ट्रेनों के 15 जनवरी तक रद्द रहने का डेटा फीड है। रद्द होने की वजह कंप्यूटर में नहीं फीड है। ट्रेन रद्द रहने के दिनों में केंद्र के टिकट नहीं बनाये जा रहे हैं।