अयोध्या। अब मानसून की विदाई का वक्त आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, चार अक्तूबर तक बारिश के साथ मानसून की वापसी हो जाएगी। इसका असर सोमवार को दिखाई पड़ा। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। करीब छह बजे कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद दिनभर बादल छाए रहे। मौसम सुहावना बना रहा। इससे कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वर्ष सितंबर तक सामान्य की अपेक्षा 86.10 फीसदी बारिश हुई है। अनुमान है कि दिसंबर तक यह आंकड़ा सामान्य बारिश के करीब पहुंच जाएगा। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, हल्की बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। भारी बारिश से नुकसान हो सकता है।
सोमवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो आसमान में काले घने बादल छाए हुए थे। ठंडी हवाओं ने लोगों को ताजगी दी। गांधी जयंती के अवकाश पर लोगों ने परिवार के साथ कंपनी गार्डन, राजघाट, गुलाबबाड़ी, राम की पैड़ी में मस्ती की।
सितंबर में हुई झमाझम बारिश ने किसानों में नई उम्मीद जगाई है। जुलाई और अगस्त में सूखे की मार झेल रहे किसान सितंबर में हुई 222 मिमी वर्षा से काफी खुश है। आचार्य नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आलोक कुमार सिंह का कहना है कि सितंबर में हुई अच्छी बारिश धान, गन्ना जैसी फसलों व आगामी रवि सीजन में बोई जाने वाली फसलों के लिए भी काफी लाभदायक है। हल्की बारिश सब्जी की फसल के लिए भी लाभदायक रही। यदि इस समय भारी बारिश होती है तो सब्जी की फसलों को नुकसान हो सकता है।
इसी विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, दो से चार अक्तूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस बारिश के साथ ही मानसून की विदाई हो जाएगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सितंबर में हुई 114.4 प्रतिशत बारिश
इस वर्ष सितंबर तक सामान्य बारिश 1000.1 एमएम की अपेक्षा 86.10 फीसदी हुई है। बीते तीन वर्ष से सितंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा रही है। यह क्रम इस वर्ष भी जारी रहा। इस वर्ष सामान्य बारिश 194.1 एमएम की अपेक्षा 222 एमएम (114.4 प्रतिशत)हुई। अभी अक्तूबर में सामान्य बारिश 40.03, नवंबर में 1.98 व दिसंबर में 6.02 एमएम होनी बाकी है।
यह है इस वर्ष बारिश का आंकड़ा
माह-सामान्य-कुल बारिश (एमएम में)
जनवरी-15.87-4.4
फरवरी-14.58-0.0
मार्च-9.17-16.4
अप्रैल-6.49-44.6
मई-26.03-68.2
जून-129.97-81.6
जुलाई-276-188.2
अगस्त-248-236.4
सितंबर-194-222