कुचेरा बाजार। इनायत नगर थाना क्षेत्र में सेवरा मोड़ के पास असलहों से लैस बाइक सवार दो बदमाश दुकान बंद कर घर लौट रहे आभूषण एवं बर्तन व्यापारी से नगदी व जेवरात भरा बैग छीनकर भाग गए। वारदात की जानकारी मिलते ही इनायत नगर थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका था। प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर ने पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुचेरा बाजार निवासी नीरज कुमार कौशल की तरौली बाजार में आभूषण एवं बर्तन की दुकान है। उनका आरोप है कि मंगलवार देर रात करीब 9 बजे दुकान बंदकर वह अपने घर कुचेरा बाजार लौट रहे थे।
तभी सेवरा मोड़ से पहले स्थित सीताराम के पुरवा के पास पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक किया और उसे बाइक रोकने का इशारा किया। बाइक रोकते ही दोनों युवकों ने कनपटी पर तमंचा सटा दिया और बाइक की डिग्गी में रखो आभूषणों से भरा बैग व नगदी छीन कर तरौली बाजार की तरफ भाग निकले।
जानकारी मिलते ही इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय सेन सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने छानबीन की लेकिन बाइक सवार दोनों बदमाशों का पता नहीं चल सका था। प्रभारी निरीक्षक ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध धारा मुकदमा दर्ज कर लिया है।