लॉकडाउन में भ्रमण करते जिलाधिकारी व एसएसपी।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। शहर से देहात तक की बाजारों में आ रही भीड़ और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की पैनी नजर है। लगातार दो दिनों तक कार्रवाई के बाद दुकानों पर नियमों के पालन को लेकर बुधवार को लोग सतर्क दिखे। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और एसएसपी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करके लॉकडाउन का जायजा लिया। लोगों से लॉकडाउन का पालन करने का निर्देश दिया।
लॉकडाउन के नियमों सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने को लेकर प्रशासन ने पिछले दो तीन दिनों से सख्त रूख अख्तियार किया था। कई दुकानों को बंदे कराया। निलंबन हुआ और सीज की कार्रवाई की गई। कई दुकानों को नोटिस भी जारी की गईं। इसके बाद बुधवार को इसका असर महसूस किया गया।
दुकानों पर पहुंचे ग्राहकों को दुकानदारों को नियमों के पालन को लेकर रुख सख्त रहा। टोकाटाकी की गई। भीड़ न लगने पाए इसको लेकर भी सतर्कता देखने को मिली। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन को लेकर सक्रियता रही। इसके चलते भीड़ एकत्र होते कम दिखाई पड़ी।
डीएम और एसएसपी ने शहरी क्षेत्र के ज्यादा भीड़ भाड़ वाले रिकाबगंज, चौक, फतेहगंज, सिविल लाइन आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया। दुकानों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी प्रशासन के अफसर और पुलिस के लोगों ने निरीक्षण किया। लोगों को नियमों के पालन को लेकर हिदायत दी गई। गुरुवार को शहर में साप्ताहिक बंदी का दिन है। इसको लेकर पूर्ण बंदी को सफल बनाने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। वाहनों पर सवारियों को लेकर चेकिंग अभियान जारी रहा। बाइक पर एक से अधिक सवारी के होने पर पूछताछ की गई।