मंडलीय अस्पताल दर्शननगर में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अजय चौधरी को भाजपा का झंडा लगी एसयूवी से आए तीन दंबगों ने जमकर पीट दिया। उनके चेहरे, आंख समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं। डॉक्टर का कसूर सिर्फ इतना था कि महिला मरीज का अल्ट्रसाउंड कराने आए लोग तत्काल जांच कराना चाहते थे, जबकि डॉक्टर ने नंबर से आने की बात कह दी।
एसपी सिटी का कहना है कि जांच में हमलावर पड़ोस के कूढ़ा केशवपुर के निवासी हैं। उधर, घटना से आक्रोशित समूचे मेडिकल स्टाफ ने ओपीडी, इमरजेंसी समेत सभी तरह की जांचें ठप कर हड़ताल शुरू कर दी है। दबंगों की गिरफ्तारी को लेकर पीएमएस व आइएमए ने कड़ी चेतावनी दी है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के दर्शननगर में स्थित मंडलीय अस्पताल में सोमवार की सुबह से मरीजों की ओपीडी और पैथालॉजी जांचें आदि का काम चल रहा था। इसी बीच करीब सवा दस बजे एक व्यक्ति कूढ़ा केशवपुर निवासी महिला का अल्ट्रासाउंड कराने आया।
रेडियोलाजिस्ट डॉ. अजय चौधरी ने जांच के लिए कतार में खड़े कई लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि नबंर आने दीजिए, तभी जांच होगी। इसके बात तू-तू, मैं-मैं हुई। इसके बाद महिला मरीज को वहीं छोड़कर युवक चला गया, चंद मिनट में ही फिर दो साथियों के साथ लौटा और तीनों ने मिलकर डॉ. चौधरी पर हमला कर दिया। मौके पर भगदड़ मच गई। डॉ.
चौधरी के मुताबिक तीनों युवकों ने उनके चेहरे पर कई वार किए, जिससे चश्मा टूट गया। कई जगह चोट लगी। कई जगह काला निशान पड़ गया। जब तक स्टाफ के लोग डॉक्टर के कक्ष तक पहुंचते, हमलावर महिला मरीज को लेकर आराम से निकल गए।
सूचना पर अयोध्या के प्रभारी कोतवाल, दर्शननगर चौका प्रभारी समेत पहुंची पुलिस फोर्स ने घटना की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। प्रभारी कोतवाल जेपी सिंह ने बताया कि मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ लोक सेवक पर हमला, काम में बाधा, पिटाई आदि धाराओं समेत मेडिकल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताया कि सीसीटीवी व मौजूद लोगों के बयान से साफ है कि डॉक्टर ने नंबर से आने की बात कही तो तीनों ने आकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। एसपी सिटी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी से आरोपी पहचान लिए गए हैं। गाड़ी मालिक की पहचान भी हो गई है। सभी इसी कोतवाली के कूढ़ा केशवपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस गिरफ्तार करने में जुटी है।