अयोध्या। नये वर्ष के स्वागत को लेकर अयोध्या पूरी तरह से तैयार हो रही है। सरयू घाट, राम की पैड़ी, राजघाट पार्क, गुलाबबाड़ी और कंपनी बाग पार्क मुख्य आकर्षण होगा। हालांकि इसबार राममंदिर के पक्ष में आए सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ज्यादातर लोग रामलला का दर्शन कर नए वर्ष के स्वागत की तैयारी में हैं। कंपनी गार्डेंन, गुलाबबाड़ी व अन्य पार्क सजाए जा रहे हैं।
फैजाबाद और अयोध्या में तकरीबन एक दर्जन होटल हैं, जहां पर लोग नया वर्ष मनाने जाते है। इनमें से ज्यादातर होटलों को टिमटिमाती रोशनी और गुब्बारों से संजाने-संवारने का काम पूरा हो गया है। हालांकि कंपनी गार्डन में इस बार मेले की तैयारी में पहले की तरह झूले, ब्रेक डांस, ड्रैगन, बम्पिंग जंप, बच्चों के तमाम तरह के झूले, जादूगर के पंडाल में आदि सजाने का काम नहीं शुरू हुआ है।
जबकि आइस्क्रीम, पॉपकार्न, बाटी चौखा आदि की दुकानें लगाने की तैयारी है। युवाओं में नये वर्ष को लेकर उत्साह से लबरेज हैं । दोपहर में हल्की धूप दिखी तो कंपनी गार्डेन और खिल उठा। दुकानदारों ने दुकान लगाने के अलावा पार्क की साफ-सफाई का कार्य दिन भर चला।
पुलिस की टीम ने भी कई बार पार्क और आसपास के इलाकों में मुआयना किया। हर किसी में वर्ष 2019 को विदा करने के साथ ही 2020 के आगमन को लेकर खुशी झलक रही है। लोगों ने इसे अपने-अपने ढंग से मनाने के लिए पहले से ही योजनाएं बना रखी हैं। अपने अंदाज में कोई टोलियां बनाकर घूमतीं तो कोई पार्क में सेल्फी लेती सोमवार से ही नजर आयीं।
नव वर्ष को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस महकमे ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त पुलिस की तैनाती की गई है। सादे वेश में भी महिला व पुरूष पुलिस कर्मियों को लगाया जा रहा है।
इसी के साथ चौक-चौराहों से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर लगाये गये सीसीटीवी कैमरों पर निगाह गड़ा दी गई है। महकमे का कहना है कि विभाग की ओर से नव वर्ष के उल्लास के आनंद को बरकरार रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं, लेकिन हुड़दंग व कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नव वर्ष पर खुशियों के इजहार के लिए युवाओं व टीन एजर की ओर से हंगामे की तैयारी के बीच अवसर को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस महकमे ने पुख्ता रणनीति तैयार की है। सार्वजनिक स्थलों गुलाबबाड़ी, कंपनी गार्डेन, अयोध्या राजघाट, राम पैड़ी समेत अन्य स्थलों की देर रात बम खोजी व निरोधी दस्ते ने टोह ली। खुफिया कर्मियों ने भी मौका मुआयना कर जायजा लिया।
शांति व सद्भाव की धारा में खलल डालने की असामाजिक तत्वों के मंसूबे परवान न चढ़ जाए। इसको लेकर सादे वेश में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। आम जनता से भी संदिग्ध व्यक्ति व वस्तुओं की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम व अधिकारियों को देने की अपील की गई है। चीता मोबाइल दस्ते के साथ डायल 100 दस्ते को भी सक्रिय रहने को कहा गया है। महिला थानाध्यक्ष को भ्रमणशील रहकर निगरानी व मनचलों के खिलाफ कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया है।
एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि नव वर्ष के अवसर पर उल्लास में कोई खलल न पड़े और खुशियों के रंग बदरंग न होने पाएं, इसके लिए सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। मातहत कर्मियों को सतत निगरानी का निर्देश दिया गया है। सार्वजनिक स्थलों के साथ पार्क, उद्यान आदि में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों समेत पार्कों, उद्यानों व होटल-रेस्टोंरेंट पर जांच व तलाशी कराई जा रही है।