मवई। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा मंगलवार दोपहर अचानक मवई थाना और सीएचसी मवई पहुंच गए तो व्यवस्थाओं की पोल परत दर परत खुलती नजर आई। डीएम ने मातहतों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार लाने की नसीहत देते हुए कार्रवाई की बात कही।
जिलाधिकारी मंगलवार दोपहर अचानक मवई थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना भवन के बारे में जानकारी हासिल किया और जब सौ साल से अधिक का भवन होने की जानकारी दी गई तो मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजवाने का निर्देश एसएसआई रामनरेश वर्मा को दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव मौजूद नहीं रहे, बताया गया कि जिला न्यायालय पर गए हुए हैं। इसके बाद एक-एक कर तहसील व समाधान दिवस, महिला अपराध, भूमि विवाद, अवैध शराब पर कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इस दौरान बीते समाधान दिवस में एक भी शिकायत रजिस्टर पर दर्ज नहीं मिली। जिस पर बताया गया कि लेखपालों की हड़ताल के चलते कोई शिकायत नहीं आई। समाधान दिवस में पट्टे की भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायत पर कोई कार्रवाई न किए जाने पर डीएम ने कहा कि पट्टे की भूमि के केस में प्रशासन तुरंत पैमाइश कराएगा, इसके लिए पीड़ित को कोर्ट जाने की जरूरत नहीं है।
शिकायती पत्र पर पीड़ित का मोबाइल नंबर मिला गलत
तहसील दिवस के एक शिकायत पत्र को देखकर पूछा कि यह शिकायत निस्तारित हो गई है जिस पर निस्तारण की रिपोर्ट देखकर शिकायती पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर पर जब डीएम ने शिकायत कर्ता कुंज बिहारी यादव निवासी सैदपुर मजरे खरिका को फोन लगाया गया तो नंबर गलत दर्ज पाया गया।