पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में वोटर फर्स्ट क्लास रहे। मसौधा, पूराबाजार और मयाबाजार ब्लॉक के लगभग 62 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार की प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो मतदान शांतिपूर्ण रहा।
बूथों पर पुलिस की तैनाती के बीच वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। शनिवार को मसौधा, पूराबाजार और मया बाजार ब्लॉक में डीडीसी की 12 और बीडीसी की 303 सीटों के लिए मतदान कराए गए।
निर्वाचन कंट्रोल रूम के मुताबिक, मसौधा और मया बाजार में 61.5 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तो पूराबाजार में सर्वाधिक 63 फीसदी वोटरों ने वोट डाले।
कुल मिलाकर लगभग 62 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मोहित गुप्ता ने मतदान क्षेत्र का दौरा करने के बाद बताया कि मतदान औसतन शांतिपूर्ण रहा।