अयोध्या। 20 घंटे के अंदर दो विस्फोटों की गूंज से सेमरा गांव के आसपास का पूरा इलाका गूंज उठा। इनायतनगर थाना क्षेत्र की हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर दूर स्थित इस गांव में शुक्रवार को गन्ने के खेत में दोबारा जोरदार धमाका हुआ।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग दहल उठे। पुलिस ने घटनास्थल से नौ बोरी बारूद व आतिशबाजी बनाने का सामान बरामद किया है। इतनी मात्रा में बारूद कहां से आया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
हैरिंग्टनगंज बाजार के उत्तर सिवान में स्थित रहमतुल्ला के मकान में बृहस्पतिवार की रात जबरदस्त धमाका हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि 300 वर्ग फीट का मकान धराशाई हो गया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी।
धमाके में रहमतुल्ला का बेटा इमरान (30) गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे हैरिंग्टनगंज सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के अलावा जिले के पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक व एलआईयू के अधिकारी भी पहुंचे और जांच-पड़ताल की। सीओ मिल्कीपुर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी शुक्रवार सुबह पुलिस बल के साथ पहुंचे और छानबीन की।
पुलिस को घटनास्थल से नौ बोरी बारूद, आतिशबाजी बनाने का सामान, शादी-विवाह में आतिशबाजी में प्रयुक्त होने वाला सामान मिला है। इधर, पुलिस गुरुवार रात हुए धमाके की जांच कर ही रही थी कि शुक्रवार को अपराह्न करीब 03:15 बजे रहमतुल्ला के घर से महज 100 मीटर दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत में जोरदार धमाका हो गया।
तेज धमाके की गूंज पूरे इलाके में सुनाई दी। गन्ने के खेत से भी आग की लपटें व भीषण धुआं ग्रामीणों ने देखा तो उनके होश उड़ गये। दोबारा विस्फोट की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सीओ मिल्कीपुर सत्येंद्र भूषण तिवारी बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉयड व फारेंसिक टीम के साथ पहुंचे और छानबीन शुरू की।
बम निरोधक दस्ते ने बारूद का नमूना लिया। सीओ मिल्कीपुर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि जो विस्फोट गन्ने के खेत में हुआ है। उससे जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया है।
हालांकि, यह बारूद आतिशबाजी में प्रयुक्त होने वाला ही लग रहा है, लेकिन बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही सही बात पता चल सकेगी।
विस्फोट के बाद परिजनों ने मिट्टी के गड्ढे में पानी भरते वक्त विस्फोट होने की बात बताई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि पटाखा बनाते हुए विस्फोट हुआ था। मौके से करीब नौ बोरी में बारूद व अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
घटना स्थल से पुलिस चौकी हैरिंग्टनगंज की दूरी महज 500 मीटर है। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी मात्रा में बारूद व विस्फोटक सामग्री कहां से आई। बारूद का ढेर पहुंच गया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
क्षेत्र के निवासी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय सिंह ने इस घटना को बड़ी साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच किसी राष्ट्रीय जांच एजेंसी से कराई जाए।
उन्होंने हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगाया है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में घायल इमरान का पिता रहमतुल्ला अपने बेटे के साथ अस्पताल न जाकर घर पर ही मौजूद था और मलबे में दबे विस्फोटक व सामान को ठिकाने लगाता रहा।
रात में सिलिंडर से विस्फोट होने की सूचना मिली थी। जांच की गई तो मौके से आतिशबाजी बनाने के उपकरण व काफी मात्रा में बारूद मिला है। पुलिस के साथ-साथ एटीएएस व बीडीएस की टीमें भी जांच कर रही हैं। यह लोग अवैध रूप से पटाखा बनाने का कारोबार करते थे। बारूद कहां से आया, इसे लेकर भी पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों को संकलित करके विधिक कार्रवाई हो रही है। -अतुल कुमार सोनकर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण