अयोध्या। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से सदस्य (इंफ्रा.) सुधांशु शर्मा शनिवार को अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया व कार्यदायी संस्था व निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ रेलवे ट्रैक, ब्रिजों सहित अन्य कार्यों की दिशा में किए गए प्रयासों व प्रगति की चर्चा की। उन्होंने समस्त रेल कार्यों एवं निर्माणाधीन योजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
अयोध्या स्टेशन पर प्रगतिशील विकास कार्यों तथा रेल परियोजनाओं के उचित क्रियान्वयन तथा संरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रेलवे बोर्ड के सदस्य (इंफ्रा.) सुधांशु शर्मा ने शनिवार को डीआरएम लखनऊ मंडल सुरेश कुमार सपरा एवं मंडल के अन्य अधिकारियों के साथ मल्हौर-बाराबंकी-अयोध्या रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से किया।
इस दौरान उन्होंने समस्त व्यवस्थाओं एवं संरक्षा मानकों को परखा, साथ ही इन कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिये। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर उन्होंने निरीक्षण करते हुए नवनिर्मित भवन की आधारभूत संरचना का जायजा लिया। इसके बाद कार्यदायी संस्था राइट्स व रेलवे निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ रेलवे ट्रैक, ब्रिजों सहित अन्य निर्माण कार्यों की दिशा में किए गए प्रयासों व प्रगति पर विस्तार से वार्ता की।
उन्होंने समस्त रेल कार्यों एवं निर्माणाधीन योजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन पर विशेष बल देते हुए रेल प्रणाली के संचालन एवं स्टेशनों तथा परिसर में यात्रा के अनुकूल वातावरण निर्मित करने की बात कही।