नामांकन पत्रों की जांच के अंतिम दिन मसौधा में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों और ग्राम पंचायत सदस्य के 26 नामांकन पत्र खारिज हो गए। इसी तरह मया बाजार ब्लॉक में भी दो प्रधान पद के प्रत्याशियों के साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य पद के 16 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए।
मया ब्लॉक के 16 न्याय पंचायत में 83 ग्राम प्रधान पद के सापेक्ष 749 तथा 1015 पंचायत सदस्य पद के सापेक्ष 896 नामांकन पत्रों की जांच का कार्य गुरुवार देर शाम पूरा हो गया।
जांच में प्रधान पद पर दो तथा सदस्य पद के 16 नामांकन अपूर्ण पाए जाने पर खारिज कर दिए गए। आरओ राजेश कुमार यादव ने बताया कि जांच के बाद अब प्रधान पद पर 747 तथा पंचायत सदस्य के लिए 880 प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है।
मया ब्लॉक के आरओ ने बताया कि नामांकन फार्म अपूर्ण पाए जाने पर ग्राम सभा हरदी व काजीपुर मांझा में प्रधान पद के लिए नामांकन करने वाले दो प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त कर दिया गया है।
इसके अलावा जांच में 16 सदस्य पद के दावेदारों का नामांकन निरस्त किया गया है। मसौधा ब्लॉक में सोफिया पारा के एक प्रत्याशी की उम्र कम होने के नाते पर्चा खारिज किया गया जबकि हांसापुर से नामांकन दाखिल करने वाले प्रधान पद के एक प्रत्याशी का पर्चा भी खारिज कर दिया गया।
वह रोजगार सेवक के पद पर काम कर रहा है। भाईपुर में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। ग्राम पंचायत सदस्य पद के 26 प्रत्याशियों का पर्चा खारिज हो गया है।
मसौधा में अब प्रधान के 84 पदों के सापेक्ष 914 उम्मीदवार और ग्राम पंचायत सदस्य के 1071 पद के सापेक्ष 1164 प्रत्याशी मैदान में हैं।