अयोध्या/पटरंगा। थाना पटरंगा पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 15 बाइक व अन्य सामान बरामद किया गया है। इनमें से दो आरोपी वाहन चोरी करते थे जबकि दो फर्जी तरीके से वाहनों के रजिस्ट्रेशन का कागज बनाते थे। आरोपियों के पास से एक कंप्यूटर, प्रिंटर आदि भी बरामद हुआ।
एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीमें लाई गई थीं। शनिवार की सुबह थाना प्रभारी पटरंगा विवेक सिंह व उनकी टीम द्वारा चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोका। उनके कागजातों की चेकिंग करने पर वह फर्जी पाए गए। पुलिस ने जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने गिरोह बनाकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।
उन्होंने बताया कि उनके दो साथी कंप्यूटर से चोरी की बाइकों का फर्जी रजिस्ट्रेशन कागज बनाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 15 बाइक के साथ फर्जी रजिस्ट्रेशन कागजात बनाने वाले दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया। इनके पास एक कंप्यूटर, प्रिंटर व तीन फर्जी रजिस्ट्रेशन कागज भी बरामद हुआ।
एसपी के अनुसार आरोपियों ने बताया कि नकली पंजीकरण प्रमाण पत्र के साथ बाइक बेचने पर हमें अच्छी कीमत मिलती थी। आरोपियों की पहचान दिनेश रावत निवासी बहापुर मजरे भवानीपुर (बाबा बाजार) थाना मवई, राजेश कुमार निवासी शहबाजपुर थाना रुदौली, शिवा साहू निवासी शिवपुरी तेली टोला रिकाबगंज, कोतवाली नगर व दीपक श्रीवास्तव उर्फ दुर्गेश कुमार निवासी हौसिला नगर, सिविल लाइन कोतवाली नगर के रूप में हुई।