राममंदिर की नींव के लिए खोदे गए लगभग 50 फीट गहरे गड्ढे को भरने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 400 फीट लंबाई और 300 फीट चौड़ाई में नींव की कुल चार लेयर तैयार हो चुकी है। जबकि पांचवीं लेयर का निर्माण कार्य चल रहा है।
राममंदिर की नींव कुल 44 लेयर में भरी जानी है। लेयर निर्माण का कार्य 24 घंटे चल रहा है। इसके लिए 12-12 घंटों के दो शिफ्टों में 50 से अधिक मजदूर व इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई गई है। बारिश के चलते बीते दिनों कुछ काम प्रभावित हुआ था। अक्तूबर के अंत तक नींव भराई का कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राममंदिर निर्माण की प्रगति की वास्तविक स्थिति साझा करते हुए बताया कि राममंदिर की नींव भराई के लिए लेयर निर्माण का काम तेज कर दिया गया है। 50 फीट गहराई से एक लाख 20 हजार घनफीट मलबा निकाला जा चुका है।
अब इस गहरे गड्ढे को भरने का काम हो रहा है। दो शिफ्टों में दिन रात काम चल रहा है। 400 फीट लंबाई व 300 फीट चौड़ाई वाले राममंदिर के गर्भगृह स्थल को भरने के लिए अब तक चार लेयर डालने का काम पूरा किया जा चुका है। पांचवीं लेयर का काम जारी है। बीते दिनों बारिश न होती तो ये काम भी अब तक पूरा हो जता।