ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई हैं। शनिवार को मसौधा, पूराबाजार और मयाबाजार में प्रधान और सदस्य ग्राम पंचायत चुनने के लिए वोट डाले जाएंगे।
प्रधानी के 235 पदों के सापेक्ष 2103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। तीनों ब्लॉकों के लगभग साढ़े चार लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मसौधा, पूराबाजार और मया बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू कराया जाएगा।
शुक्रवार को तीनों ब्लॉकों के निर्धारित स्थलों पर बनाए गए काउंटरों से सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों पर जाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं।
रवानगी स्थल पर पहुंचे अफसरों ने परिसर में व्यवस्था और काउंटर पर पार्टी के लोगों को दिए जा रहे सामानों के बारे में जानकारी ली। पुलिसकर्मियों को भी पोलिंग पार्टी के साथ ही रवाना कर दिया गया है।
मतदान केंद्र पुलिस के सुरक्षा घेरे में आ गए हैं। डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी मोहित गुप्ता ने भी ब्लॉकों में पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी के बारे में जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। तीनों ब्लॉकों में प्रधान के अलावा और ग्राम पंचायत सदस्य के 2694 पद पर नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा।
मसौधा के 84 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 786 प्रत्याशी, पूराबाजार के 68 पदों के लिए 656 प्रत्याशी और मया बाजार के 83 पदों के लिए 661 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।