अयोध्या। कृषि विभाग की ओर से जिलेभर में की गई छापामारी में अनियमितताएं मिलने पर दो दुकानें निलंबित की गईं हैं। इस दौरान 27 नमूने भी भरे गए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
शुक्रवार को कृषि विभाग की टीमों ने उर्वरकों की गुणवत्ता परखने एवं कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न इलाकों में उर्वरक की दुकानों पर छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने तहसील सदर एवं रुदौली, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण डॉ सौरभ वर्मा ने बीकापुर, उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा ने सोहावल एवं भूमि संरक्षण अधिकारी ने मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र की दुकानों पर छापा मारा।
जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि सभी टीमों ने संयुक्त रूप से जिले की 54 दुकानों पर छापामारी किया। इस दौरान संदिग्ध मिलने पर उर्वरक के बीस एवं कृषि रक्षा रसायन के सात नमूने जांच के लिए एकत्रित किया है। अनियमितता मिलने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, प्रतिष्ठान बंद करके भागने के कारण गुरु सहाय खाद भंडार मसौधा एवं आईएफएफडीसी केंद्र, मसौधा का उर्वरक का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।