घर के ऊपर से गुजरी एलटी लाइन में स्पार्किंग होने से निकली चिन्गारी के छप्पर पर गिरने से पांच आशियाने जलकर राख हो गए। इस घटना में हजारों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे की सूचना के बाद भी मौके पर अग्निशमन दल नहीं पहुंचा।
मिल्कीपुर तहसील के तिंदैली गांव में मंगलवार की शाम सात बजे श्रीमता के घर के ऊपर से गई एलटी लाइन के तार से चिन्गारी निकलकर छप्पर पर जा गिरी। कुछ ही पलों में महिला का घर आग की लपटों से घिर गया।
आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस में रहने वाले प्रेमचंद, हंसराज, रामचंद्र और जयकला के घर को अपने आगोश में ले लिया। जिस समय यह हादसा हुआ घरों के सदस्य धान की मड़ाई करने के लिए खलिहान गए हुए थे।
स्थानीय लोगों ने सूचना अग्निशमन दल को दी लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। किसी तरह पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर आग से नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व निरीक्षक प्रियंवदा मिश्रा, हल्का लेखपाल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट एसडीएम मिल्कीपुर को भेज दी गई है।