अयोध्या। शहर के चौक स्थित एक कपड़े के प्रतिष्ठान में गुरुवार दोपहर बाद आग लग जाने से हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों ने एकत्रित होकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इस पर दमकल टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे फायर दस्ते ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग से प्रतिष्ठान में कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ है।
रिकाबगंज चौराहे पर एक कपड़े की दुकान है। दुकान के ऊपरी तल पर गोदाम व जनरेट रूम है। गुरुवार दोपहर बाद अचानक जनरेट रूम से लपटें निकले लगी।
अनुमान लगाया जा रहा है कि आग जनरेटर की चिंगारी से लगी है। इस पर दुकान मालिक राहुल केवटानी ने पहले खुद के प्रतिष्ठान में लगे अग्निशमक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया और उनके साथ पार्षद उमेश व गुड्डू ने भी मदद की लेकिन सफलता नहीं मिली।
आसपास के दुकानदार भी धुआं उठते देख एकत्रित हो गए। इसके बाद दमकल दस्ते को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। दुकान के मालिक राहुल केवटानी के अनुसार जनरेटर रूम पूरी तरह से जल गया है। हालांकि दुकान में कपड़ों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।