अयोध्या। शहीदों की यादों को सजाने के वादे को पूरा करने के लिए 13 वें अयोध्या फिल्म समारोह का तीन दिवसीय आयोजन अगले साल फिर फिल्मों का मेला सजाने के इरादे संग समाप्त हो गया।
सरोकारी सिनेमा के तेवर, कलेवर और रंगों को सतरंगी स्वरूप देकर साझी विरासत में शामिल शहर-ए-अयोध्या को सिनेमा की दुनिया से जोड़ने में भी अवाम के सिनेमा ने नए आयाम गढ़े।
फिल्म समारोह के तीसरे दिन विभिन्न फिल्म समारोहों में सराही जा चुकी फिल्मों के प्रदर्शन ने दर्शकों के मनोभावों को छू कर सिनेमा के सरोकारी चेहरे को पर्दे पर बखूबी उकेरा।
तीन दिवसीय इस आयोजन में दर्जनों फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। वहीं सांस्कृतिक आयोजनों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन भी किया। समापन समारोह में लाठियों के सहारे अवधी नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह के दौरान अभिनेता अविनाश द्विवेदी, अजय महेंद्रू, मोहनदास, अरविंद चौरसिया, राजेश संचेती, आतिया शेख, डॉ. मणिशंकर त्रिपाठी, अजय तिवारी, राज त्रिपाठी, हिमांशु शेखर परिदा, ओम प्रकाश सिंह, जनार्दन पांडेय बबलू पंडित आदि लोगों का जमावड़ा रहा।