पहचान पत्र व सामान को चेक करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। मकर संक्रांति पर्व पर धर्मनगरी में बड़ी संख्या में लोग सरयू में स्नान एवं मंदिरों में दर्शन-पूजन व दान करते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अयोध्या क्षेत्र की सुरक्षा का जिम्मा सीओ अयोध्या अमर सिंह को सौंपा गया है। वहीं भीड़ को देखते हुए अयोध्या में रूट डायवर्जन लागू किया गया है, इसके तहत अयोध्या में किसी भी प्रकार के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सीओ अमर सिंह ने बताया कि अयोध्या की सुरक्षा में 6 निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक व 120 महिला-पुरुष आरक्षी तैनात किए गए हैं। यह पुलिस बल मंगलवार से बुधवार भीड़ समाप्त होने तक विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
बताया कि इसके अतिरिक्त शहर में क्यूआरटी टीमें भी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रख रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा व वीडियो-डिजिटल कैमरे के माध्यम से संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही है। घाटों पर जल पुलिस की तैनाती है, जल पुलिस कंपनी के गोताखोर, नाव, स्टीमर व अन्य उपकरणों के साथ घाटों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिसूचना इकाई द्वारा एंटी सेबोटाज चेकिंग भी की जा रही है।
यहां रहेगा रूट डायवर्जन
मकर संक्रांति पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात को सुगम व सरल बनाने यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत मंगलवार की शाम से लकड़मंडी चौराहा गोंडा से पुराना सरयू पुल के तरफ तीन पहिया एवं चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। श्रीराम अस्पताल तिराहे से नयाघाट की ओर, नयाघाट चौराहे से हनुमानगढ़ी की ओर, रामघाट चौराहा से हनुमानगढ़ी की ओर, दीनबंधु तिराहा से प्रमोद वन होकर हनुमानगढ़ी की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। टीएसआई विवेक सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हाईवे पुल के पश्चिमी ढलान पर सत्यदेव तिवारी के खाली प्लाट एवं साकेत पेट्रोल पंप से नयाघाट तक रोड के दाहिनी तरफ व रामसेवकपुरम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।