अयोध्या। एक नर्सिंग होम के दो निजी चिकित्सकों समेत जिले में शुक्रवार को 50 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक-एक परिवार के एक साथ कई मरीज मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2235 पहुंच गई है।
अभी तक कोरोना संक्रमण को बेखौफ नजर आ रहे ग्रामीण इलाके के लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। सीएचसी-पीएचसी सहित ग्रामीण इलाकों में कोविड-19 की जांच एंटीजन रैपिड किट से शुरू होने के बाद काफी संख्या एसिंप्टोमेटिक मरीज प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। अब एक ही परिवार के कई-कई लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट शहर के नाका बाईपास पर स्थित जेपी मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉक्टर व उनकी पत्नी ने मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में ट्रूनेट मशीन से जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों को आइसोलेट कराया गया है। साथ ही अस्पताल को विसंक्रमित कराने की तैयारी की गई है।
इसके अलावा पूरा बाजार में सर्वाधिक सात, शहर के अवधपुरी कालोनी में चार, विवेकानंदपुरम लाइफ लाइन हॉस्पिटल में चार, मसौधा ब्लॉक के नंदीग्राम में तीन, पूरा ब्लॉक के पटवारी का पुरवा में चार, सोहावल के सुचित्तागंज में दो, खिरौनी, वीरभानपुर, हाजीपुर बरसेंडी व करेरू में एक-एक, शहर के घनश्याम दास एंड संस में एक, तारुन के हैदरगंज में तीन,
पूरा के जलालुद्दीनगर में एक गर्भवती महिला, जलालुद्दीननगर, मडना में एक-एक, मसौधा बाजार में एक, शहर के शक्तिनगर कॉलोनी, आदर्श नगर देवकाली, कंधारी बाजार, अश्वनी पुरम कॉलोनी, सलारपुर सहादतगंज, रामनगर कॉलोनी, रोहिणी नगर कॉलोनी में एक-एक सहित संक्रमित मिले हैं। इनमें ग्रामीण इलाके के अधिकांश मरीजों में कोई लक्षण न होने पर उन्हें होम आइसोलेशन की सुविधा दी गई है और हल्के गंभीर व गंभीर मरीजों को झुनझुनवाला कोविड केयर सेंटर व मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कराया गया है।
रुदौली। शहर में कोविड-19 की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में नगर के पुराना बाजार वार्ड सभासद अमित गर्ग के हाते में लगाया गया। कैंप में 69 लोगों का एंटीजन टेस्ट किया गया जिनमें 9 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को फिलहाल होम क्वारंटीन में रखा गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक पीके गुप्ता के अनुसार पॉजिटिव पाए गए लोगों की स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगरानी की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा नेता आशीष शर्मा ने कहा कि आमजन को आगे आकर जांच करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर आगे की इस तरह का कैंप लगाकर रैपिड टेस्टिंग करवाई जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता संजय अग्रवाल ने लोगों जे मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है।