बैठक में नागरिकों ने कहा कि मेला क्षेत्र में मुख्य मार्गों के साथ गली-कूचों व परिक्रमा मार्गों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई। चौतरफा कूड़ा-कचरा व गंदगी पसरी है।
अतिक्रमण, शौचालयों पर अवैध कब्जे, हैंडपंपों के ठीक न होने और चरण पादुका के सामने गड्ढा होने की समस्या गिनाई। लोगों ने कहा कि नगर में सीवर लाइन विस्तार के लिए सड़कों को खोदे जाने से बने गड्ढों को ठीक नहीं किया गया जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
मेलाधिकारी/एडीएम सिटी आरएन शर्मा ने नागरिकों की शिकायतों व समस्याओं पर संबंधित विभागीय अफसरों से व्यवस्थाओं को मेले से पूर्व दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कहा कि मेले में सफाई के लिए 500 सफाई कर्मी लगाएं जाएंगें।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने कहा कि मेला एवं परिक्रमा में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सादे कपड़ों में भी जवान तैनात रहेंगे। धर्मशाला होटल में रुकने वाले व्यक्तियों की प्रतिदिन सूची मांगी जा रही हैं। कहा कि परिक्रमा में और मेला क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। बैठक में एडीएम कानून व्यवस्था केबी अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट वीपी पांडेय, सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, सीओ अयोध्या दिनेश द्विवेदी, पालिकाध्यक्ष विजय गुप्त समेत कई लोग मौजूद थे।