रविवार को जनपद में दो पालियों में चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 11 बजे से दुपहर बाद डेढ़ बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दूसरी पहर तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच संपन्न होगी। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 44 हजार 700 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया है।
दोनों पालियों में अभ्यर्थियों की बराबर-बराबर संख्या आवंटित की गई है। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाये गए हैं, जबकि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसी खाके के आधार पर पुलिस महकमे ने सेक्टर अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।
शनिवार को एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस कर्मियों की तैनाती कर ड्यूटी आवंटित कर दी गई है। इलाकाई पुलिस को भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों तथा रेलवे व रोडवेड क्षेत्र की निगरानी को कहा गया है।