अयोध्या। डीएलएड-2017 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा गुरुवार से जिले के 10 केंद्रों पर शुरू हुई। दोनों पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 5200 छात्र-छात्राओं के बैठने का इंतजाम किया गया था, जिसमें 18 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में हुई परीक्षा में किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से गुरुवार को डीएलएड-2017 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा शुरू कराई गई है। जिले के दस केंद्रों पर इस परीक्षा में 5200 छात्र-छात्राओं के बैठने का इंतजाम किया गया था।
निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर डीआईओएस की ओर से एक-एक व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से एक-एक पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। जबकि नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में तीन अन्य मजिस्ट्रेटों की तैनाती विभिन्न केंद्रों पर की गई थी।
तीन दिवसीय परीक्षा पहले दिन गुरुवार को दो पाली में कराई गई। प्रथम पाली में प्रात: दस से 12 बजे एवं द्वितीय पाली में दो से चार बजे तक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
वहीं, किसी भी अनियमितता पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी से लैस कमरों में परीक्षा कराई गई। डायट प्राचार्य संध्या श्रीवास्तव ने स्वयं सचल दल के साथ राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एमएलएमएल इंटर कॉलेज एवं राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज में पहुंचकर निरीक्षण किया एवं पाई गई कुछ कमियों को दूर करने का निर्देश दिया।
डायट प्राचार्य ने बताया कि शुक्रवार एवं शनिवार को तीन पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। सभी केंद्रों से कुल 18 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। किसी भी केंद्र से किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई है।