खंडासा थानाक्षेत्र के जगदीशपुर पूरे शुुक्ल गांव में सोमवार की देर शाम आग का कहर बरपा। आग से 15 अशियाने जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई और दो युवक बुरी तरह झुलस गए हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने झुलसे युवकों को जिला अस्पताल भिजवाया है। कानून-गो व लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है।
सोमवार की देर शाम जगदीशपुर पूरे शुुक्ल गांव निवासी सावित्री देवी (70) पत्नी गया पाल के छप्परनुमा घर में अचानक आग लग गई। पति ने बताया कि आग कैसे लगी इसके कारणों का पता नहीं चल सका। घर पूरी तरह जलने लगा और वृद्धा आग की चपेट में आकर जिंदा जल गई।
हल्ला गुहार पर लोग एकत्र हुए लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया लेकिन मौके पर नहीं पहुंची। एक के बाद एक घरों को अपनी आगोश में लेते हुए आग की लपटों से गांव का अधिकांश हिस्सा घिर गया। तभी गैस सिलेंडर के फटने से आग और भड़क गई।
चारों तरफ अफरातफरी मच गई। ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आग की चपेट में आने से गांव निवासी सर्वेश (22) व राम केवल (19) झुलस गए। मौके पर पहुंचे कानून-गो ने झुलसे युवकों को निजी वाहन से अस्पताल भेजवाया। कुछ ग्रामीण घरों से सामान निकाल रहे थे तो कुछ आग पर काबू पाने के लिए जूझ रहे थे। अगिग्नकांड के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची तो ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
अग्निकांड में गांव निवासी हृदयराम, गयापाल, शिवकुमार, गब्बर, गंगाराम, रामकेवल, पूरनलाल, हुबलाल, धमसादीन, केदार, जगन्नाथ, पंकज, लालजी, भोला व किन्नीलाल की गृहस्थी जलकर राख हो गई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम मिल्कीपुर पंकज सिंह ने बताया कि सभी पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्घ कराई जाएगी।
कानूनगो अमरनाथ शुक्ला ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। आग की चपेट में आने से 11 आवासीय व चार गैर आवासीय भवन जले हैं। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कानूनगो ने बताया कि मृतका के परिवारीजनों को चार लाख रुपये की सहायता दिलवाई जाएगी। रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है।