फैजाबाद स्थानीय प्राधिकारी चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए भीड़ उमड़ी। दलों के नेताओं के साथ पहुंचे भाजपा, बसपा सहित कुल आठ प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अफसर के सामने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसी के साथ विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या अब नौ हो गई है।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहे। मंगलवार को दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच होगी। एमएलसी चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट के पास नारे गूंजे। नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट के गेट से रिटर्निंग अफसर कक्ष तक सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे।
अंतिम दिन नामांकन के बाद मुकाबला हुआ रोचक हो गया है। भाजपा ने अंबेडकरनगर के सांसद हरिओम पांडेय के भाई सुरेंद्र पांडेय पर दांव लगाया है।
उनका नामांकन कराने के लिए फैजाबाद के भाजपा सांसद लल्लू सिंह, बीबी मणि तिवारी, अवधेश पांडेय बादल, संजीव सिंह, कृष्णकुमार पांडेय खून्नू सहित फैजाबाद व अंबेडकरनगर के भाजपा कार्यकर्ता थे।
बसपा से प्रत्याशी होने का दावा करते हुए नामांकन श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा और विकास पटेल ने रिटर्निंग अफसर के सामने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
हालांकि निर्वाचन विभाग के मुताबिक, अभी पार्टी से अधिकृत किए जाने की बात नहीं कही गई है लेकिन उनका नामांकन कराने के लिए भी बसपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे।
इसके अलावा नामांकन करने वालों में मो. अजीम, भोलानाथ सिंह, गणेश दत्त, सुरेंद्र यादव और आनंद कुमार हैं। सोमवार को कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके पहले सपा प्रत्याशी के तौर पर हीरालाल यादव ने नामांकन किया था। अब फैजाबाद स्थानीय प्राधिकारी चुनाव के लिए नामांकन करने वालों की संख्या नौ हो गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, सोमवार को कुल 8 नामांकन हुए हैं। शिथिल रहे स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में सोमवार को प्रत्याशियों के नामांकन के बाद गर्मी आ गई है। भाजपा और बसपा के दावे के बाद एमएलसी चुनाव का परिदृश्य बदल गया है। इसमें तेजी आ गई है।
आयोग से जारी कार्यक्रम के मुताबिक फैजाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी। 18 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान तीन मार्च को सुबह आठ से शाम को चार बजे तक होगा। मतगणना छह मार्च को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी।