डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार 25 फरवरी से शुरू हो रही मुख्य परीक्षा में नकल रोकने के लिए हाईटेक तरीका विकसित किया है। 399 केंद्रों पर परीक्षा के दौरान ई-डिजिटल कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।
सभी महाविद्यालयों को परीक्षा अवधि के दौरान इसी कंट्रोल रूम से लाइव नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के कक्ष में ऑडियोयुक्त सीसीटीवी किसी भी दशा में बंद न रहने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि इसे इंटरनेट के माध्यम से जोड़कर रखेंगे, ताकि विवि के कंट्रोल रूम से सीधा देखने व परखने में कोई अड़चन न आए।
अवध विवि की मुख्य परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के साथ 19 नोडल केंद्र भी बनाए जा चुके हैं। विवि कंट्रोल रूम में ऑब्जर्वर नियुक्ति करेगा। यह ऑब्जर्वर परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी करेंगी। परीक्षा के दौरान अगर सीसीटीवी बंद पाया जाता है तो इसके लिए महाविद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अवध विवि, अयोध्या के परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि विवि की 25 फरवरी को शुरू होने वाली परीक्षा ऑडियोयुक्त सीसीटीवी की निगरानी में होगी। विवि में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसमें परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।