स्वास्थ्य विभाग के अफसरों द्वारा शहरी आशा बहुओं की नियुक्ति प्रक्रिया को डीएम किंजल सिंह ने निरस्त कर दिया है। अरबन हेल्थ पोस्ट के नोडल अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि पिछले चार माह तक पत्रावली कहां थी, सवाल कर जवाब तलब किया।
उन्होंने अरबन आशा से जुड़ी पत्रावली को फेंक दिया। डीएम ने कहा कि नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करें। पुराने डीएम के अनुमोदन पर हमारे स्तर से नियुक्ति नहीं होगी।
शहर के मलिन बस्तियों में आशा बहुओं की नियुक्ति की जानी है।
इसके लिए तत्कालीन डीएम योगेश्वर राम मिश्र से अरबन हेल्थ पोस्ट के नोडल अधिकारी डॉ. एके कनौजिया ने मार्च से पहले अनुमति ली थी। उसी पत्रावलियों के सहारे डॉ. कनौजिया आशा बहुओं की नियुक्ति करने के फिराक में थे। गोपनीय तरीके से आशा बहुओं की नियुक्ति के सारे तंत्र तैयार हो गए।
शहरी आशा के साक्षात्कार के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई, तब मामला प्रकाश में आया। उसी के बाद परत-दर-परत खुलती गई। विभागीय अफसरों की चालाकी देख डीएम ने फटकार लगाई। डीएम ने आशा बहुओं की नियुक्ति को तुरंत निरस्त कर दिया। कहा कि नए सिरे से नियुक्ति की पत्रावलियां तैयार की जाए। आशा बहुओं की नियुक्ति निरस्त किए जाने की बात प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. छैल बिहारी द्विवेदी ने स्वीकार है।