हैदरगंज पीएचसी पर प्रसव के बाद रक्तस्राव होने से एक प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। मौके पर कोई डॉक्टर नहीं था, लिहाजा एएनएम ने प्रसूता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मगर जिला अस्पताल जाते समय प्रसूता ने दम तोड़ दिया। परिवारीजनों ने एएनएम पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के पूरब पट्टी गांव के मजरे पठखौली निवासी स्व. सच्चिदानंद पाठक की 26 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगंज में रात्रि लगभग 9 बजे भर्ती कराया गया। रात्रि 11 बजे लक्ष्मी ने एक बच्ची को जन्म दिया। उसके बाद प्रसूता को रक्तस्राव होने लगा।
प्रसव से पहले की जांच में प्रसूता का हीमोग्लोबिन मात्र छह था। रक्तस्राव अधिक होता देख एएनएम विनीता ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मगर अस्पताल जाते समय प्रसूता ने दम तोड़ दिया। परिवारीजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉ. जितेंद्र सोनी की तैनाती है, लेकिन वह आते ही नहीं है।
एएनएम ने यदि पहले बता दिया होता तो प्रसूता को जिला अस्पताल में ही डिलीवरी कराते। परिवारीजनों ने एएनएम की लापरवाही से मौत का आरोप लगाया है। सीएचसी तारुन के प्रभारी डॉ. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत पर मामले की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर एएनएम के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।