शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर लगाए गए मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने शनिवार को बैठक की। बैठक में सभी से नकल विहीन शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए सख्त व्यवस्था करने के लिए कहा गया।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा दो फरवरी को जनपद के 22 केंद्रों पर होगी। आठ केंद्रों पर दो पालियों तथा 14 केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा होगी जिसमें 15481 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। प्रथम पाली 10 बजे से साढे़ बारह बजे तक तथा द्वितीय पाली में ढाई से पांच बजे तक चलेगी।
परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक के अतिरिक्त 22 मजिस्ट्रेट व 22 पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान छापेमारी के लिए चार सचल दल बनाए गए हैं। 22 मजिस्ट्रेट/पर्यवेक्षक को आरक्षित किया गया है।
डीएम ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। बैठक में एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
बैठक में एडीएम प्रशासन डॉ. चतुर्भुज गुप्ता, डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय, बीएसए प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित सभी मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य मौजूद रहे।