अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि विवाद पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तीसरे दिन भी अयोध्या सुरक्षा के कड़े घेरे में रही। शनिवार को अयोध्या के सभी प्रवेश द्वार समेत चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए सुरक्षा बल सोमवार को भी सतर्क रहे।
बैरियरों पर सघन तलाशी व आईडी चेकिंग के बाद ही लोगों को अयोध्या में प्रवेश दिया जाता रहा। श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले सभी मार्ग व अयोध्या की अन्य गलियों में लगे बैरिकेडिंग अभी भी लगी हुई है। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं के आने से अयोध्या एक बार फिर गुलजार हो रही है।
सोमवार को भी फैजाबाद से अयोध्या जाने वाले रास्ते पर जालपा देवी चौराहा, साकेत महाविद्यालय, टेढ़ी बाजार व श्रीराम अस्पताल के पास लगे बेरिकेडिंग पर सघन तलाशी व आईडी चेक करने के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाता रहा।
इन बैरियरों पर द्विस्तरीय सुरक्षा दिखाई पड़ी, पहले स्तर पर बैरियर से करीब 20 मीटर आगे पुलिस व ट्रैफिक पुलिस के जवान चेकिंग कर रहे थे जबकि बैरियर पर सीआरपीएफ के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ था। इस दौरान सवारी वाहन जैसे ऑटो, विक्रम व ई रिक्शा आदि को अयोध्या में प्रवेश नहीं दिया गया।
इसके चलते स्थानीय लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, टेढ़ी बाजार, हनुमानगढ़ी, अशर्फी भवन, श्रृंगार हाट आदि से श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले रास्तों पर आरएएफ व सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे।
इसके अलावा हनुमानगढ़ी के आसपास से श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले गलियों व संकरे रास्तों पर गुरुवार को लगी बैरिकेडिंग अभी भी लगी हुई है, यहां तैनात सुरक्षाकर्मी इन रास्तों से प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। वहीं, शहर के पश्चिमी छोर से हनुमानगढ़ी आने वाले रास्तों व गलियों पर लगाए गए बेरिकेडिंग सोमवार को भी लगी रही, मंगलवार को कार्तिक मेले के चलते इन्हें रात में हटाए जाने की संभावना थी।
शहर के मुस्लिम आबादी वाले मोहल्ले कजियाना, सुतहटी, बरवारी टोला, कटरा, गोडिय़ाना आदि इलाकों में पीएसी के जवान दिन रात मुस्तैद दिखाई पड़ रहे हैं।
प्रमुख मठ मंदिर भी सुरक्षा के घेरे में
अयोध्या के प्रमुख मठ मंदिरों में हनुमानगढ़ी, कनक भवन, नागेवरनाथ, मणिरामदास जी की छावनी, हनुमानबाग, बड़े भक्तमाल समेत अन्य मठ मंदिरों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। श्रीरामजन्मभूमि के इर्द गिर्द स्थित मंदिरों व रास्तों पर चप्पे-चप्पे पर सीआरपीएफ व आरएएफ की तैनाती की गई है, सुरक्षा बलों ने मठ मंदिरों की छतों पर भी मोर्चा संभाल रखा है।
एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया कि अभी सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी गई है, सरयू स्नान या मठ मंदिरों में दर्शन पूजन पर कोई रोक नहीं है। अयोध्या में कई खुफिया एजेंसियों समेत सादी वर्दी में पुलिस के जवान पल-पल की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। सीसीटीवी से लोगों पर निगाह रखी जा रही है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान आज, उमड़ेंगे श्रद्धालु
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा स्नान मंगलवार शाम 4:34 से शुरू होकर बुधवार की शाम 6:42 पर समाप्त होगा। उदया तिथि के चलते लाखों की संख्या में श्रद्धालु बुधवार भोर से स्नान शुरू करेंगे। भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ आवश्यक नागरिक सुविधाओं के सभी इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में स्नान व दर्शन पूजन पर कोई रोक नहीं है।
कार्तिक पूर्णिमा मेला क्षेत्र को पांच जोन व 23 सेक्टर में बांटा गया है। इन सभी पर जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई, सुरक्षा के लिए जोन का प्रभारी एसएसपी स्तर के व सेक्टर प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी को बनाया गया है।
सोमवार की शाम सभी अधिकारियों को उनके निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया गया। तैनात मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने जोन व सेक्टर के अधिकारियों से बेहतर संवाद करने के निर्देश दिए गए है। इनको अपना मोबाइल नंबर हमेशा चालू रखने के निर्देश दिया गया है, जिससे एक-दूसरे में बेहतर संवाद बना रहा।
सुरक्षा समेत सभी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा
पूरा मेला क्षेत्र में साफ.-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं से सेंबंधित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लगभग एक दर्जन से ज्यादा मुख्य मार्गों एवं स्थानों पर आम श्रद्धालुओं के लिए पानी पीने के लिए टैंकरों की व्यवस्था की गयी है। इस वर्ष मेले में पहली बार मोबाइल शौचालय की भी व्यवस्था की गई है।
हर 7 से 8 सौ मीटर की दूरी पर अस्थाई चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जिनमें चिकित्सक, फार्मासिस्ट तैनात कर दिए गए हैं, साथ में आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा जिसमें विभिन्न घाटों एवं स्नान क्षेत्र में 14 एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था की गयी है। मेला प्रभारी एडीएम सिटी वैभव शर्मा ने बताया कि पवित्र सरयू नदी के स्नान के लिए घाटों पर साफ-सफाई कर दी गई है।
बताया कि प्रथम बार राम की पैड़ी पर श्रद्धालु स्नान एवं आचमन भी कर सकेंगे। मेला सुरक्षाधिकारी एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने कहा कि नदी में जल पुलिस व गोताखोरों की तैनाती कर दी गई है। घाटों की नावों के माध्यम से भी सुरक्षा की निगरानी की जा रही है।
अयोध्या में सभी तरह के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर सोमवार शाम 4 बजे से बुधवार भीड़ रहने तक अयोध्या मेला क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके तहत टेढ़ी बाजार चौराहे से श्रृंगार घाट की तरफ, रामघाट चौराहे से हनुमानगढ़ी चौराहे की ओर, बालू घाट से रामघाट की ओर, साकेत पेट्रोल पंप बेरियर से नयाघाट बंधा तिराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
वहीं, लकड़मंडी से पुराना सरयू पुल, नयाघाट की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साकेत पेट्रोल पंप के दक्षिण-पश्चिम ओर दो स्थानों पर, रामसेवकपुरम व काशीराम कालोनी के पास पार्किंग की व्यवस्था है।
अधिकारियों ने सौहार्दपूर्वक माहौल में पर्व मनाने की अपील की
मंडलायुक्त मनोज मिश्र, आईजी संजीव गुप्त, डीएम अनुज कुमार झा, एसएसपी आशीष तिवारी ने मेले में तैनात मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों संग सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा मेला की समीक्षा की व उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में स्नान व दर्शन पूजन पर कोई रोक नहीं है। उन्होंने अयोध्यावासियों तथा समस्त श्रद्धालुओं, संत-महंतों से अपील करते हुए कहा कि अयोध्या के कार्तिक मेले के स्नान को गंगा-जमुनी संस्कृति के परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सौहार्द के माहौल में सम्पन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।