अयोध्या। प्रसव पीड़ा से कराह रही गर्भवती को अस्पताल पहुंचने में विलंब होते देख ईएमटी ने बड़ी तत्परता से एंबुलेंस में ही प्रसव कराया। इसके उपरांत जच्चा-बच्चा को सीएचसी में अग्रिम इलाज के लिए भर्ती कराया। इस कार्य की आमजन ने काफी सराहना की।
मसौधा ब्लॉक की सोफिया पारा निवासी कोमल (25) पत्नी जुग्गीलाल को प्रसव पीड़ा होने पर 102 पर फोन कर एंबुलेंस की मांग की। निर्धारित समय में एंबुलेंस गर्भवती को लेकर जिला महिला अस्पताल के लिए रवाना हुई। रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी और महिला की हालत बिगड़ने लगी तो एंबुलेंस पर तैनात चालक ज्ञानेश्वर सिंह ने एंबुलेंस को किनारे खड़ा कर दिया।
इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन बिलाल खान ने ही अपनी तत्परता से एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया और जच्चा-बच्चा को सीएचसी मसौधा में भर्ती करवाया। जिला प्रभारी अरुण चौधरी ने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा पूर्ण स्वस्थ हैं। इस बहादुरी के लिए एंबुलेंस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।