तारुन। निर्माणाधीन वाशबेसिन की दीवार गिरने से मजदूर घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना से घटिया निर्माण की पोल खुल गई।
मामला सीएचसी तारुन परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय के बगल बन रहे वॉश बेसिन का है। सीएचसी परिसर के अंदर पूर्वी चारदीवारी के बगल वाश बेसिन का निर्माण पंचायत विभाग से करवाया जा रहा है। ठेकेदार ने इसके लिए मजदूर लगाया है। दीवार पर प्लास्टर का कार्य चल ही रहा था कि अचानक वह गिर गई।
इससे जयसिंहमऊ मजरे कुड़वा निवासी सुलदीप मलबे के नीचे दब गया। मजदूरों के शोर मचाने पर अस्पताल में आए तीमारदारों ने उसे मलबे से निकलकर अस्पताल में भर्ती करवाया। मिस्त्री राजेंद्र निवासी जयसिंहमऊ व मयाराम ने बताया कि गड्ढे में ईंट का पिलर गलत ढंग से बनवाया गया था जो धंस गया, जिसकी वजह से यह घटना हुई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी त्रिपाठी ने बताया कि सामुदायिक शौचालय, वाश वेसिन का निर्माण पंचायत विभाग से करवाया जा रहा है। दीवार गिरने मजदूर सुलदीप घायल हो गया। खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जेई को भेज कर मामले की जांच की जाएगी।