मवई। पटरंगा थाना अंतर्गत ग्राम शाहबाज चक में मंगलवार सुबह नित्यक्रिया के लिए गई एक महिला का शव दोपहर में गांव के ही तालाब में उतराता दिखा। इससे गांव में हड़कंप मच गया।
पटरंगा के ग्राम शाहबाज चक में जगराना (45) पत्नी जगदीश रावत मंगलवार सुबह नित्यक्रिया के लिए गई थी लेकिन काफी देर तक जब वापस नहीं आई तो खोजबीन शुरू हुई जिसका दोपहर में संदिग्ध परिस्थितियों में शव एक तालाब में उतराता दिखाई दिया। शव देखते ही गांव में हड़कंप मच गया।
आननफानन में ग्रामीणों ने इसकी जानकारी डायल 112 व पटरंगा पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे सीओ रुदौली धर्मेंद्र यादव व पटरंगा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकालकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया। मृतका के पति जगदीश रावत ने बताया कि वह सुबह तड़के नित्यक्रिया के लिए गई थी।
जब काफी देर तक वापस नहीं आई तो खोजबीन करना शुरू किया। लगभग दो घंटे बाद घर के ही बगल के तालाब में शव उतराता दिखा। जिसकी सूचना पटरंगा पुलिस को दी गई। सीओ रुदौली धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।