इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम हरीरामपुर पूरे भटौली में घास काटने खेत गई एक महिला की गुरुवार को करंट लगने से जान चली गई। वहीं पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रामपुर सरधा मजरे ढोंढे का पुरवा में भी बुधवार रात एक बुजुर्ग की नलकूप पर करंट से मौत हो गई।
हैरिंग्टनगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मनीराम की पत्नी पार्वती (58) गांव के दक्षिण खेत में जानवरों के लिये घास काटने गई थी। खेत में ही परसपुर सथरा फीडर का पोल लगा हुआ है। पोल से करंट खेत में उतर आया। जिसकी चपेट में आई महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
महिला प्राइवेट लाइनमैन परशुराम की मां थी। गांव की अन्य महिलाओं ने सूचना घर पर दी। ग्रामीणों ने फोन कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। सूचना पर पहुंचे इनायतनगर थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह व हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी इनरु प्रसाद यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ही घटना हुई है। वहीं यह भी चर्चा है कि खेत सींचने के लिए गांव के ही एक व्यक्ति ने कटिया लगाई थी, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौत हुई है।
हनुमतनगर प्रतिनिधि के मुताबिक, पूराकलंदर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा रामपुर सरधा मजरे ढोंढे का पुरवा निवासी एक किसान रामपाल वर्मा (60) पुत्र स्वर्गीय रामदयाल वर्मा की बुधवार रात नलकूप चलाते वक्त करंट लगने से मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, रामपाल रात में गांव के बाहर अपने नलकूप पर रोज की भांति सोने चला गया था। रात करीब दो बजे बिजली आने के बाद नलकूप का मोटर चलाने गया तभी वह करंट की चपेट में आ गया। परिवारीजनों ने इसकी सूचना गुरुवार सुबह पुलिस को दी।