इनायतनगर थाने के शाहगंज चौकी क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग गांवों में विवाहिता व युवक का फंदे से लटका शव मिला है। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृत विवाहिता मानसिक रूप से परेशान बताई जाती थी।
शाहगंज चौकी क्षेत्र के मुकीमपुर-पहाड़पुर के बढ़ई टोला निवासी पुष्पा देवी (21) पत्नी हिरन कुमार चौहान का शव रविवार भोर में कमरे की छत में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे लटकता देखा गया। परिवारीजनों ने बताया कि पुष्पा मानसिक रूप से परेशान थी।
पति ने बताया कि सुबह जब सो कर उठा तो पत्नी कमरे में मौजूद नहीं थी। बगल के कमरे में देखा तो पत्नी का शव कुंडे से लटक रहा था। दोनों का विवाह 30 अप्रैल 2015 को हुआ था। विवाहिता का मायका पुरे मिश्राना रानीबाजार सोहावल है।
सूचना पर पहुंचे सीओ मिल्कीपुर विक्त्रसंतवीर उपाध्याय, नायब तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह, थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने परिवारीजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।
इसी चौकी क्षेत्र के ढेमावैश्य गांव निवासी अजीत कुमार (19) पुत्र जोखुराम का शव रविवार सुबह तकरीबन सात बजे कमरे में लगे पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटकता देखा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिवारीजनों ने बताया कि अजीत जिद्दी व गुस्सैल स्वभाव का था लेकिन उसकी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका।