पूराकलंदर में शनिवार की भोर शिकायत पर एक अधेड़ को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दरोगा की बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। प्रकरण में तीन लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के गांव नंदीग्राम मजरे खरहरा निवासी जेठू के खिलाफ लोगों ने अवैध शराब बिक्री और प्रधान पद के एक प्रत्याशी के समर्थन में विरोधियों से दुर्व्यवहार व गालीगलौज की शिकायत थी।
इसी पर भदरसा पुलिस चौकी प्रभारी एक सिपाही के साथ बाइक से जेठू को पकड़ने गांव गये थे। चर्चा है कि चारपाई पर सो रहे बीमार जेठू को पुलिस ने पकड़कर ले जाने की कोशिश की तो घर की महिलाओं ने इसका विरोध किया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने डंडा फटकारने की कोशिश की तो घर की महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया। उन पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
खुद को बचाने की कवायद मे दरोगा व सिपाही मौके से भागे तो दरोगा की बाइक मौके पर छूट गई। ग्रामीणों ने दरोगा की बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। पथराव में सिपाही को चोट लगी है।
एसओ सुभाषचंद्र का कहना है कि प्रकरण में भदरसा चौकी प्रभारी ने निवर्तमान प्रधान अरविंद कुमार, जेठू व सुनील कुमार को नामजद करते हुए 25 लोगों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।