रुदौली में सोमवार रात ग्राम पंचायत शहबाजपुर के हैदरगंज में और ग्राम कैथीके सल्लाहपुर में प्रधानी में हारे प्रत्याशियों के समर्थकों ने जीते प्रत्याशियों के समर्थकों को पीट दिया। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ितों ने तहरीर दे दी है।
शहबाजपुर में जीते प्रधान के समर्थक जगदेव यादव अपने घर के सामने गोला दगा रहे थे। हारे प्रधान के समर्थक भारत यादव कुछ दूरी पर थे और उन्होंने जगदेव यादव से गोला न दगाने की बात कही, इसी बात पर दोनों पक्षों में हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई और लाठियां चल गईं।
इसमें जगदेव, बिटना, गुदरु, रामसजीवन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर एसआई जयवीर सिंह पहुंचे और घायलों को सीएचसी रुदौली पहुंचाया।
कोतवाल गजेंद्र पाल ने बताया कि जगदेव की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से भारत यादव, सुशील यादव, प्रदीप यादव को गिरफ्तार किया गया है।
वही दूसरी ओर ग्राम कैथीके सल्लाहपुर में सोमवार रात शोभानाथ शराब के नशे में ग्रामीणों का गाली दे रहा था। वही पास में खडे़ अश्वनी कुमार को यह बात नागवार गुजरी।
विरोध करने पर हारे प्रधान प्रत्याशी के समर्थक शोभानाथ ने अश्वनी को मारना शुरू कर दिया। इससे अश्वनी के सिर पर चोट आई। उसने शुजागंज चौकी में तहरीर दी। कोतवाल गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है।