धरना स्थल पहुंचा पीड़ित परिवार
- फोटो : अमर उजाला
देवकाली निवासी दुराचार पीड़िता व उसके परिवार को इंसाफ की मांग को लेकर सिविल लाइन गांधी पार्क में चल रहा धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 20 वें दिन जारी रहा। शुक्रवार को पीड़ित परिवार धरना स्थल पहुंचा और 24 घंटे में मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
क्षेत्रीय युवकों की समिति की ओर से देवकाली की दुराचार पीड़िता को वीरता पुरस्कार दिलाने, परिवार को 25 लाख की आर्थिक मदद, पीड़िता के शिक्षा-दीक्षा का खर्च सरकार की ओर से उठाये जाने, पूरे मामले की हकीकत जनता के सामने लाने, आरोपी को फांसी की सजा दिलाने तथा महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध मे मुख्यमंत्री की ओर से हस्तक्षेप किये जाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
फैजाबाद की निर्भया को इंसाफ दो .. के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में इतने दिन बीतने के बावजूद अभी तक किसी मांग पर न तो शासन-प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने ठोस आश्वासन दिया।
शुक्रवार धरना-प्रदर्शन के दौरान समिति सदस्य सुमित मौर्या व अतीश श्रीवास्तव क्रमिक भूख हड़ताल पर रहे। इस अवसर पर सौरभ त्रिपाठी,अनुज श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, राहुल मिश्रा, सुजीत जायसवाल, शरद शुक्ला आदि मौजूद रहे।