बाइक सवार बदमाशों ने एसएसपी कार्यालय में तैनात महिला दारोगा की सोने की चेन छीनने की कोशिश की और एक युवक का मोबाइल लूट लिया। दोनों प्रकरणों की शिकायत पुलिस को दी गई है।
नगर कोतवाली के नाका क्षेत्र में रहने वाली सुशीला त्रिपाठी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आंकिक शाखा में बतौर सहायक उपनिरीक्षक तैनात हैं। शुक्रवार की सुबह वह घर से ड्यूटी के लिए निकलीं। पुलिस लाइन के निकट पीछे से आये बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींचने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए और चेन टूटकर कपड़ों में फंस गई थी।
इस पर बदमाश अपनी बाइक लहराते हुए मौके से भाग निकले। माजरा देख रहे आसपास के लोग दौड़े और सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि बाद में पता चला कि वहीं शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित तोगपुर निवासी मंजीत सिंह का कहना है कि मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने उनका कीमती मोबाइल लूट लिया और भाग निकले।
शनिवार को नगर कोतवाल एके राय ने बताया कि पुलिस कार्यालय में तैनात महिला की शिकायत पर मोटर साइकिल सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ छिनैती और कैंट थाना क्षेत्र निवासी मंजीत सिंह की शिकायत पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।