भरा पचपेड़ा गांव में बरेली गोशाला समिति की जमीन पर खड़ी करीब डेढ़ लाख रुपये की गेहूं की फसल असलहों के बल पर दबंग कंबाइन से काट ले गए। इसका विरोध करने पर समिति के सेवादार को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। प्रबंधक से तहरीर मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरेली गोशाला समिति के अवैतनिक प्रबंधक रामऔतार अग्रवाल पुत्र केदारनाथ अग्रवाल ने अमरिया पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव स्थित गोशाला की जमीन पर गेहूं की फसल खड़ी है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे आरोप है कि पंडरी कटैया निवासी गुरचरन सिंह उर्फ पोला, गुरमेल सिंह और उत्तराखंड सितारगंज के दडा निवासी हरजीत सिंह उर्फ काले अपने 14 साथियों संग दो कार में सवार होकर आ धमके। सभी के पास असलहा थे। आरोप है कि कंबाइन से गोशाला की जमीन पर खड़ी डेढ़ लाख की गेहूं की फसल को काटकर ले गए। इसकी जानकारी मिलने पर सेवादार रंजीत सिंह कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने असलहा दिखाकर चुप करा दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसओ जितेंद्र यादव ने बताया कि गुरचरन सिंह, हरजीत सिंह और गुरमेल सिंह व 14 अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिली है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।