इनायतनगर थानाक्षेत्र के हैरिंग्टनगंज बाजार में मंगलवार रात साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया। घटना से उत्तेजित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान पहुंचे सीओ के रोकने पर भीड़ उनके साथ हाथापाई पर उतर आई। इसके बाद कंट्रोल रूम से भारी संख्या में मौके पर फोर्स बुलाई गई। इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने भीड़ को समझा कर शव पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए सौंपा। तब जाकर जाम हटा।
इनायतनगर थानाक्षेत्र केसागरपट्टी रायपुरवा निवासी आरती सिंह पत्नी भूपेंद्र सिंह (28) मंगलवार को साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर रात 8-30 बजे दो बच्चों के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने आरती को रौंद दिया। हादसे के दौरान बच्चे दूर जा गिरे, जिससे वे बाल-बाल बच गए हैं। घटना के बाद उत्तेजित लोगों ने साप्ताहिक बाजार बंद कर बांस-बल्ली व कुर्सी-टेबल लगा सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही थोड़ी दूर पर मौजूद सीओ मिल्कीपुर नवीन नायक तत्काल मौके पर पहुंचे। सीओ ने जाम लगा रहे लोगों को फटकारते हुए बांस-बल्ली हटवानी शुरू कर दी। इसी दौरान भीड़ सीओ के साथ हाथापाई पर उतर आई। सूचना पर के बाद मौके पर और पुलिस बल आ गया। रात नौ बजे किसी तरह स्थानीय लोगों के समझाने पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ का कहना है कि हाथापाई करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रक को पुलिस ने स्थानीय चौकी में खड़ा करा लिया है, जबकि चालक फरार है।