अयोध्या की रुदौली कोतवाली में पकड़े गए युवकों के बारे में जानकारी देते एसपी ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
रुदौली कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात वाहन चेकिंग के दौरान भेलसर चौराहे पर कार सवार तीन युवकों को तीन अवैध असलहे और 12 कारतूस के साथ पकड़ा है। पकड़े गए सभी युवक सुल्तानपुर जनपद के निवासी हैं और ये सभी कार से सुल्तानपुर से लखनऊ जा रहे थे।
कोतवाली में मंगलवार को एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार 18 मार्च की रात 11:15 बजे भेलसर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काले शीशे की कार को रोक कर तलाशी ली। वाहन पर बैठे वैभव त्रिपाठी उर्फ शुभम पदारथपुर थाना जयसिंहपुर जनपद सुल्तानपुर के पास से एक देसी पिस्टल व चार कारतूस, आशीष पटेल उर्फ संजीव निवासी रामपुर थाना मोतीगरपुर जनपद सुल्तानपुर के पास से एक तमंचा व चार कारतूस व अखंड प्रकाश शुक्ल निवासी बाबू पुरवा थाना जयसिंहपुर जनपद सुल्तानपुर के पास से एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए।
बताया कि ये सभी कार से सुलतानपुर से लखनऊ जा रहे थे। आरोपियों के आपराधिक इतिहास व ये कहां और किस वारदात को अंजाम देने जा रहें थे, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। इस दौरान सीओ धर्मेंद्र यादव, कोतवाल विश्वनाथ यादव मौजूद रहे।